औरंगाबाद में NH 139 पर सड़क हादसा में पत्नी को कॉलेज छोड़ लौट रहे युवक की डंपर की चपेट में आकर दर्दनाक मौत।
दाउदनगर (औरंगाबाद) | 24 NEWS LIVE | 29 जुलाई 2026
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। एनएच-139 पर कुर्बान बिगहा के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
*क्या है पूरी घटना*
मृतक की पहचान रामनगर वार्ड नंबर-16 निवासी विजय सिंह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि विजय सिंह अपनी पत्नी को टीचर ट्रेनिंग कॉलेज छोड़ने गए थे। पत्नी को कॉलेज में छोड़कर वे बाइक से वापस अपने घर रामनगर लौट रहे थे।
इसी दौरान जैसे ही वे एनएच-139 पर कुर्बान बिगहा के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
*इलाके में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी*
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
विजय सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।