शहीद आर्येन्द्र कुमार के घर जलभराव की समस्या, CRPF मुख्यालय ने डीएम को भेजा पत्र
अधूरी सड़क-नाली के कारण बारिश में घर तक भर जाता है पानी, शहीद की मां ने मुख्यमंत्री से भी लगाई गुहार
कासगंज। ग्राम चंदपुरा गजपुरा निवासी शहीद CRPF जवान आर्येन्द्र कुमार जाटव के परिवार को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शहीद की मां राजकुमारी जाटव के अनुसार उनके घर और शहीद स्मारक तक सड़क व नाली का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे बारिश के दौरान सड़क से लेकर घर के अंदर तक पानी भर जाता है।
समस्या के समाधान के लिए परिवार की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत, IGRS और ट्विटर के माध्यम से शिकायत की गई है। मामले को लेकर CRPF ग्रुप सेंटर ग्रेटर नोएडा ने भी जिलाधिकारी कासगंज को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया है।
शहीद परिवार को अब प्रशासन से समाधान की उम्मीद
CRPF के पत्र में शहीद परिवार की समस्या के समाधान को विभाग का नैतिक दायित्व बताते हुए जिलाधिकारी से मामले में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। अब शहीद की मां को उम्मीद है कि अधूरी सड़क और नाली का कार्य पूरा कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
#YogiAdityanath #crpf_heart_of_india #kasganj