‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी से मिले मुख्यमंत्री मोहन यादव, ₹1 लाख सम्मान राशि और आंखों के इलाज का दिया भरोसा
भोपाल। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में अपनी आवाज से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की गायकी सुनी और उनकी प्रतिभा की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने सुनील और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया।
सुनील लोधी मूल रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र से हैं और जन्म से दृष्टिबाधित हैं। बचपन से ही उन्हें गायकी का शौक रहा है। गांव की चौपालों और स्थानीय आयोजनों में भजन और बुंदेली लोकगीत गाने वाले सुनील को सोशल मीडिया पर उनकी गायकी का वीडियो वायरल होने के बाद नई पहचान मिली। इसके बाद उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ में भजन गाने का अवसर मिला। फिल्म में उनका गाया भजन “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई” लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने क्या सहयोग देने की बात कही?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। सुनील लोधी को ₹1 लाख की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सुनील की आंखों का इलाज कराने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया, ताकि उनकी दृष्टि को लेकर संभव उपचार कराया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुनील की बचपन से संगीत में रुचि को देखते हुए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा/कोर्स पूरा करने में सहयोग दिया जाएगा। प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे लाने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी प्रोत्साहित करने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री के सामने सुनील ने सुनाया भजन
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय भजन सुनाया। इसके बाद मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने “जन्म लाये रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई” भजन भी प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने तालियां बजाकर सुनील की गायकी की सराहना की।
इस मुलाकात को सुनील लोधी के लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। गांव और स्थानीय मंचों से अपनी गायकी का सफर शुरू करने वाले सुनील अब फिल्मी दुनिया में अपनी आवाज के जरिए पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री की ओर से मिले सहयोग के बाद उनके संगीत करियर को आगे बढ़ाने और उपचार की दिशा में नई उम्मीद जगी है।