#अंधेरे_में_डूबा_रूपवास_का_विकास!
भरतपुर। रूपबास नगरपालिका की गंभीर अनदेखी के चलते शहर के रेलवे फाटक से लेकर थाने तक का मुख्य मार्ग काफी समय से घने अंधकार में डूबा हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगरपालिका प्रशासन स्ट्रीट लाइटों के सालाना रखरखाव और मरम्मत के नाम पर हर साल करीब ₹5 लाख का मोटा बजट कागजों में ठिकाने लगा देता है, लेकिन धरातल पर मुख्य सड़कें अंधेरे में गुम हैं। मानसून के इस मौसम में अंधेरे के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है और चोरी-लूट जैसी आपराधिक घटनाओं के डर से शाम ढलते ही महिलाओं व बच्चों का पैदल निकलना तक दुश्वार हो चुका है। नागरिकों का सीधा आरोप है कि यह पूरी स्थिति ठेकेदार और पालिका प्रशासन की कथित मिलीभगत और सरकारी धन की खुली बंदरबांट का नतीजा है। आमजन ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत चालू करवाने की मांग की है।