#बालाघाट
बोंदारी एवं कुंडेकसा में बच्चों की मौत के मामले को कलेक्टर कुमार सत्यम ने गंभीरता से लिया,
स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अमला पहुंचा प्रभावित गांव
बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत अगोरी के ग्राम बोंदारी और कुंडेकसा में पिछले दिनों बीमारी के कारण तीन बच्चों की मृत्यु के मामले को नवपदस्थ कलेक्टर कुमार सत्यम ने पदभार ग्रहण करते ही गंभीरता से लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत एवं उपचार कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सोमवार 03 अगस्त को बोंदारी और कुंडेकसा पहुंचे। अधिकारियों ने गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और बीमार बच्चों व अन्य मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने के लिए जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर इलाज से गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
इस दौरान ऐसे परिवार, जो मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं हैं, उन्हें भी समझाइश दी गई। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के सरपंच को निर्देश दिए कि जो लोग अस्पताल जाने के लिए सहमत नहीं हैं, उन्हें अन्य लोगों से अलग रखने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि बीमारी के संभावित फैलाव को रोका जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया कि प्रभावित गांवों में प्रतिदिन स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाए। प्रत्येक घर का सर्वे कर बीमार व्यक्तियों की पहचान की जाए, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल भेजा जाए।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग की टीम का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक चिकित्सा एवं राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी नए मरीज की सूचना मिलते ही तत्काल उपचार एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp #minprdd
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026