यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में शिवांगी श्रीवास्तव ने हासिल की ऑल इंडिया प्रथम रैंक
यूनीक साइंस एकेडमी की पूर्व छात्रा का विद्यालय में हुआ सम्मान, प्ले-वे से इंटरमीडिएट तक रहीं टॉपर
बस्ती। यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा 2026 में ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल कर बस्ती की बेटी शिवांगी श्रीवास्तव ने जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर यूनीक साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रौता बस्ती में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शिवांगी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवांगी श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती शशि श्रीवास्तव की पुत्री हैं। विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिवांगी ने प्ले-वे से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यूनीक साइंस एकेडमी से पूरी की। वह अपनी कक्षाओं में लगातार टॉपर रहीं और उच्च शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अब यूपीएससी की संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
माता-पिता और शिक्षकों के भरोसे को बनाया अपनी ताकत
अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के विश्वास को देते हुए शिवांगी ने कहा कि परिवार और विद्यालय के शिक्षकों को भरोसा था कि वह जीवन में कुछ बड़ा कर सकती हैं। इसी विश्वास से प्रेरित होकर उन्होंने पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई की। शिवांगी ने बताया कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के स्वाध्याय के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और देश में प्रथम रैंक हासिल की।
विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
शिवांगी ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले उसके पाठ्यक्रम (सिलेबस) को अच्छी तरह समझना चाहिए और उसी के अनुरूप रणनीति बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट तक मोबाइल से दूरी बनाए रखने तथा पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहली कोशिश में सफलता न मिलने पर निराश होने के बजाय दोबारा प्रयास करना चाहिए। निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिवांगी की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं शालिनी श्रीवास्तव, शोभा पाण्डेय, संगीता श्रीवास्तव, सुमन त्रिपाठी तथा शिक्षक दुर्गेश कुमार, रमेश श्रीवास्तव, सुहैल अहमद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शिवांगी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Basti, Basti | Oct 23, 2026