प्रदीप टाक बने निजी विद्यालय संघ (एसएसपी) अनूपगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष
निजी विद्यालय संघ (एसएसपी) ब्लॉक को नया नेतृत्व मिल गया। सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में प्रदीप टाक सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और निजी विद्यालय संचालकों ने लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय देते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।।अध्यक्ष पद के लिए प्रदीप टाक और किशोर सिंह शेखावत ने दावेदारी प्रस्तुत की थी। मतदान से पहले किशोर सिंह शेखावत ने संगठन के व्यापक हित को देखते हुए अपना नाम वापस ले लिया और प्रदीप टाक के समर्थन की घोषणा कर दी। इसके बाद चुनाव समिति ने प्रदीप टाक को सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।।चुनाव प्रक्रिया में संभाग प्रभारी परविंदर सिंह, जे.एस. दानेवालिया (श्रीविजयनगर), सुरेंद्र गोदारा (रायसिंहनगर) तथा घड़साना ब्लॉक अध्यक्ष मनजीत सिंह की मौजूदगी रही। चुनाव समिति अध्यक्ष राजबहादुर सिंह तथा सदस्य रतिराम, मनसुख, दयाल सिंह और लखबीर बराड़ ने पूरी प्रक्रिया का संचालन निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से किया। चुनाव में अनूपगढ़ ब्लॉक के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया। बैठक में निजी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक रूप से कार्य करने पर सहमति बनी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप टाक ने सभी विद्यालय संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को नई दिशा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।