छत्तीसगढ़ में टीईटी पास शिक्षकों की पदोन्नति में देरी का मामला गंभीर हो गया है। दुर्ग संभाग के सात जिलों से 500 से ज्यादा टीईटी पास शिक्षक बुधवार को संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने 4 अक्टूबर तक पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की।
शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के अनुसार, संभाग में 1400 से ज्यादा टीईटी पास शिक्षक पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, पर विभाग ने तय समय-सीमा पर प्रक्रिया पूरी नहीं की।
प्रवक्ता उमाशंकर दिल्लीवार ने बताया कि प्रस्ताव जमा करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। शिक्षकों ने साफ किया है कि 4 अक्टूबर तक प्रक्रिया आगे न बढ़ने पर 5 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।
संयुक्त संचालक मौजूद नहीं थे। प्रभारी अधिकारी ने 5 अक्टूबर को फिर बुलाकर जानकारी देने को कहा। शिक्षक अब आश्वासन नहीं, वास्तविक प्रगति चाहते हैं।