।। श्मशान की राह नहीं आसान ।।
ज्वालामुखी ।। News123 ।। वीडियो सोर्स : रजनीश चौहान ।।
ग्राम पंचायत अधवानी के वार्ड नंबर-7 में श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। वर्ष 2023 की बरसात में क्षतिग्रस्त हुई पुलिया की आज तक मरम्मत नहीं हो पाई है, जिससे लोगों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसरों पर भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में गांव में हुई एक मृत्यु के दौरान पार्थिव देह को श्मशान घाट तक ले जाते समय लोगों को जिन कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, उसका वीडियो स्थानीय निवासी रजनीश चौहान ने अपनी फेसबुक पर साझा किया है। वीडियो में ग्रामीणों को टूटी हुई पुलिया और दुर्गम रास्ते के बीच पार्थिव देह को ले जाते हुए देखा जा सकता है, जो समस्या की गंभीरता को उजागर करता है।
रजनीश चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह केवल सुविधा का नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं और सम्मानजनक अंतिम संस्कार से जुड़ा विषय है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2026 का बरसाती मौसम भी नजदीक है, लेकिन अब तक पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण करवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Dera Gopipur, Kangra | Jun 24, 2026