सखी परियोजना के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता सत्र का आयोजन
महिलाओं को कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबर एवं पुलिस सेवाओं की दी जानकारी
चित्तौड़गढ़, 22 अगस्त 2026। हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से संचालित सखी परियोजना के अंतर्गत मंजरी फाउंडेशन द्वारा आज चित्तौड़गढ़ में सखी संगम समिति के फेडरेशन की बैठक के दौरान चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सखी परियोजना से जुड़ी करीब 60 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला थानाधिकारी रेनू एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा महिलाओं को महिला सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों एवं विभिन्न सामाजिक मुद्दों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी अवगत कराया गया।
*महिलाओं को RajCop Citizen App का दिया प्रशिक्षण*
सत्र के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। पुलिस टीम द्वारा महिलाओं के सवालों का समाधान करते हुए आवश्यक कानूनी एवं पुलिस सहायता संबंधी जानकारी दी गई।
पुलिस टीम द्वारा महिलाओं के मोबाइल फोन में RajCop Citizen App इंस्टॉल करवाया गया तथा ऐप के विभिन्न उपयोगी फीचर्स का डेमो एवं प्रशिक्षण दिया गया। महिलाओं को बताया गया कि आवश्यकता के समय पुलिस की विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है।
*कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने दी सुरक्षा संबंधी जानकारी*
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा भी महिलाओं को महिला सुरक्षा एवं पुलिस सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। टीम द्वारा महिलाओं को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों एवं उपलब्ध पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यकता के समय पुलिस से सहायता प्राप्त करने के लिए उन्हें सक्षम बनाना रहा।
Badgaon, Udaipur | Aug 22, 2026