100% मूंग खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने उठाई आवाज
हरदा। भारतीय किसान संघ, मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। संघ ने समर्थन मूल्य पर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने तथा ट्रैक्टरों में डीजल आपूर्ति से जुड़े नियमों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की।
प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने कृषि सचिव निशांत बरवड़े से चर्चा के दौरान मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने का मुद्दा उठाया। इस पर कृषि सचिव ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र भेजकर 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की दर से मूंग खरीदी की अनुमति मांगी है। केंद्र से स्वीकृति मिलते ही इसी आधार पर खरीदी की जाएगी।
बैठक में मूंग पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने, खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था को सरल बनाने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
भारतीय किसान संघ ने सरकार से किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।
— राजनारायण गौर
जिला प्रवक्ता, भारतीय किसान संघ, जिला हरदा
Harda, Harda | Jun 18, 2026