परिवहन आयुक्त पहुंचे शाहजहांपुर, परिवहन अधिकारियों के साथ समीक्षा
#प्रशमन शुल्क लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित कराने को दिशा निर्देश
शाहजहांपुर।परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन
द्वारा जनपद में एक दिवसीय भ्रमण किया गया। कार्यक्रम के अन्तर्गत उन्होंने सर्वप्रथम कांट स्थित आटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग सेन्टर का निरीक्षण किया। तत्पश्चात डम्पिंग एवं डिटेन्शन यार्ड का निरीक्षण किया। जिसके बाद परिवहन आयुक्त नियामतपुर स्थित उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने एक-एक पटल पर जाकर पटल सहायकों से उनके कार्य प्रणाली की जानकारी ली। तत्पश्चात उपस्थित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा हुई। परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को प्रशमन शुल्क लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने को निर्देश प्रदान किए।परिवहन आयुक्त द्वारा बकाये के सापेक्ष कम वसूली के दृष्टिगत 30 जून तक 20,000 रुपये से अधिक के सभी बकायेदारों को मांग पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिये गये। जिस पर एआरटीओ प्रशासन एसके सिंह ने बताया कि जनपद में 20,000 रुपये से अधिक के बकाये के 1601 वाहन स्वामियों को पूर्व में मांगपत्र प्रेषित किये जा चुके हैं तथा शेष 2696 वाहन स्वामियों को शीघ्र ही मांग पत्र भेजे जायेंगे। कार्यालय के अभिलेखागार में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिये गये।परिवहन आयुक्त ने अधीनस्थों को कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में संलिप्त उत्तरदायी वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध निलंबन व निरस्तीकरण की कार्यवाही शत-प्रतिशत अमल में लाई जाए। जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा, प्रवर्तन कार्यवाही एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र कमल प्रसाद गुप्ता, सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रणव झा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हरिओम, नव प्रोनन्नत सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विकास कुमार यादव, यात्री-माल कर अधिकारी रामाश्रय प्रसाद गौतम आदि मौजूद रहे।
ARTO Office Shahjahanpur