सोलन हेल्पिंग सोसायटी के रक्तदान शिविर में 36 लोगों ने किया महादान, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
88वीं बार रक्तदान करने वाले कमल विग ने भी किया रक्तदान, 13 जनवरी 2027 को संस्था मनाएगी स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न
सोलन। मानवता की सेवा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से सोलन हेल्पिंग सोसायटी द्वारा आज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की मेडिकल टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 36 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। इस दौरान युवाओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे से दूर रहकर समाजसेवा से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।
रक्तदान शिविर में महिला थाना के जवानों, ट्रैफिक पुलिस कर्मियों, लाइब्रेरी के युवाओं, सोलन के स्थानीय नागरिकों और संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था के संस्थापक विजय भट्टी और चिल्लर रिकॉर्ड के मालिक रोहित कश्यप ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर रोहित कश्यप की ओर से रक्तदाताओं को फल वितरित किए गए। साथ ही बाजार में मिलने वाले प्रिजर्वेटिव युक्त पैक्ड जूस के बजाय मौके पर ही ताजा जूस तैयार करवाकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और "Say No to Preservative Products" का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सृजन फाउंडेशन के संस्थापक रत्न चंद ने भी विशेष रूप से शिरकत की और सोलन हेल्पिंग सोसायटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। शिविर के बैनर और प्रमाणपत्र तैयार करवाने में साहनी ग्राफिक्स के मालिक स्पर्श साहनी का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का विशेष आकर्षण 88वीं बार रक्तदान कर चुके रक्तदाता कमल विग रहे, जिन्होंने एक बार फिर रक्तदान कर समाज के सामने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सोलन हेल्पिंग सोसायटी इसी तरह युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करती रहे और उन्हें नशे से दूर रहकर सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करे।
इस दौरान फ्लाई टू हाई के मालिक नरेश कुमार, बलजिंदर सिंह जस्सल, विकास स्याल, मुकेश पुंटा और दीपक भाटिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के संस्थापक विजय भट्टी ने सभी 36 रक्तदाताओं, क्षेत्रीय अस्पताल की मेडिकल टीम, पुलिस जवानों, युवाओं, सहयोगियों और उपस्थित सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि 13 जनवरी 2027 को सोलन हेल्पिंग सोसायटी अपने स्थापना के गौरवशाली 10 वर्ष पूरे करने जा रही है। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए संस्था द्वारा बड़े स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पूरे सोलन शहर के लोगों को अभी से इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।
सोलन हेल्पिंग सोसायटी का यह प्रयास एक बार फिर साबित करता है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा मानवीय संकल्प है।
Solan, Solan | Nov 14, 2026