#जिम्मेदार_मस्त_जनता_त्रस्त..
भरतपुर। उच्चैन की ग्राम पंचायत भैसा के सोंनोठी गांव से नगला बंसिया व नगला परसा मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। ग्रामीणों ने सीधे तौर पर पंचायत प्रशासन और ठेकेदारों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि मौके पर काम कराए बिना ही कागजों में ईंट-खड़ंजा और नाली निर्माण पूर्ण दर्शाकर सरकारी राशि का गबन कर लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर अवैध अतिक्रमण, कीचड़ और जलभराव के कारण रोजाना स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बेपरवाह प्रशासन की है। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम, तहसीलदार, वीडीओ और जिला कलेक्टर तक को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और मार्ग का निर्माण तुरंत शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।