सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर नवीन कृषि संकल्प अभियान का कार्यक्रम 14 जुलाई को बाबैन में होगा आयोजन
लाडवा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवीन कृषि संकल्प अभियान का पोस्टर भी किया गया लांच
नवीन कृषि संकल्प अभियान अभियान का उद्देश्य किसानों को नई जानकारी उपलब्ध कराना है: धर्मवीर सिंह
सांसद नवीन जिन्दल की पहल विकसित भारत के लिए है एक सार्थक प्रयास: रविन्द्र धीमान
नवीन कृषि संकल्प अभियान में अन्न भंडारण व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया जाएगा: ईशान पांडे
लाडवा: 10 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल ‘नवीन कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया जा रहा है। यह अभियान किसानों के लिए अन्न भंडारण व्यवस्था के लिए नई सोच, नई तकनीक और नए अवसरों के द्वार खोलेगा। इस अभियान के अंतर्गत नवीन कृषि संकल्प अभियान के तीसरे कार्यक्रम का आयोजन बाबैन के किसान रैस्ट हाउस के हाल में सुबह साढ़े नौ बजे आयोजित किया जाएगा। नवीन जिन्दल फाउंडेशन टीम द्वारा इस कार्यक्रम की आगामी रुपरेखा की जानकारी साझा करने के लिए लाडवा के निजी प्रतिष्ठान में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला के किसानों तक संदेश पहुंचाने के लिए नवीन कृषि संकल्प अभियान का पोस्टर भी लांच किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में शुरू किए जा रहे नवीन कृषि संकल्प अभियान अभियान का उद्देश्य किसानों को नई जानकारी और बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इस कार्यक्रम में किसान कृषि विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकेंगे और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय जानेंगे। उन्हें प्राकृतिक खेती, फसलों के सुरक्षित भंडारण, विभिन्न फसलों की खेती, पर्यावरण संरक्षण तथा केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की आसान और उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य किसानों को नई सोच और आधुनिक कृषि से जोड़कर उनकी प्रगति का मार्ग प्रशस्त करना है। सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब किसान आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे। 'नवीन कृषि संकल्प अभियान' इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो किसानों को नई जानकारी, बेहतर तकनीकों और उपयोगी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेगा।
नवीन कृषि संकल्प अभियान के कोर्डिनेटर ईशान पांडे ने बताया कि इस कार्यक्रम में नवीन जिन्दल फाउंडेशन और मिनिस्ट्री ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के उपक्रम सैंट्रल हाउसिंग कार्पोरेशन के साथ आधुनिक अन्न भंडारण व्यवस्था और इससे जुड़े अन्य वित्तीय लाभों की जानकारी किसानों के साथ साझा की जाएगी। कार्पोरेशन की तीन सदस्यीय टीम जिसमें टीम लीडर के निर्देशानुसार टैक्निकल एक्सपर्ट अन्न भंडारण व्यवस्था पर और नान टैक्निकल एक्सपर्ट इस आधुनिक अन्न भंडारण व्यवस्था के वित्तीय लाभों पर अपना व्याख्यान देंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में ब्लॉक स्तर 23 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कृषि विशेषज्ञ, अनुभवी किसान और विषय विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रादौर में हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने इस महत्वपूर्ण अभियान का आगाज किया था। नवीन कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य किसानों को ऐसी सोच और संसाधनों से जोड़ना है, जिससे खेती लाभकारी बन सके।
इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य अन्न भंडारण व्यवस्था में सुधार करना है ताकि किसानों की मेहनत से पैदा किया गया अन्न का दाना, भंडारण व्यवस्था की खामियों के कारण खराब ना होने पाएं। इसके साथ-साथ किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहन देना, पर्यावरण- संरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित करना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन से आवेश सिंह, डॉ. राज कुमार और लाडवा हल्का प्रभारी सलिंद्र कुमार उपस्थित रहे।