#तबादले_का_दौर_जारी..
भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के 6 थाना अधिकारियों के तबादले किए हैं। 10 जुलाई को जारी हुए इस आदेश के तहत तीन प्रभारियों को पुलिस लाइन से थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दो को एक थाने से हटाकर दूसरे थाने में तैनात किया गया है। नए आदेश के मुताबिक, भरतपुर शहर कोतवाली की कमान अब तेजपाल सैनी को सौंपी गई है, जो यहां पहले से तैनात रामनिवास मीणा की जगह लेंगे। इसी तरह उद्योग नगर थाने पर पवन यादव के स्थान पर राजेश गुर्जर को नया थाना अधिकारी नियुक्त किया गया है। तबादला सूची के अनुसार, पुलिस लाइन से तीन अधिकारियों को थानों की कमान दी गई है, जिसमें राजेश कुमार मीणा को भुसावर थाने पर राजेश कसाना के स्थान पर और राजवीर सिंह को उच्चैन थाने पर एसएचओ लगाया गया है। इसके अलावा, उद्योग नगर थाने से हटाए गए पवन यादव को खेड़ली मोड़ थाने का जिम्मा सौंपा गया है, जहां लंबे समय से यह पद खाली चल रहा था। वहीं भरतपुर महिला थाने पर राम दयाल मीणा को नया थाना अधिकारी लगाया गया है, जहां अब तक का कार्यभार डीएसटी इंचार्ज मुकेश बैरवा संभाल रहे थे।