🏆 केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी दिबियापुर में धूमधाम से मनाया गया खेल दिवस एवं दादा-दादी दिवस, रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
📍 दिबियापुर, औरैया | 06 नवंबर 2026
केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी दिबियापुर में शुक्रवार को खेल दिवस समारोह एवं दादा-दादी दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एनटीपीसी दिबियापुर के परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा ने मशाल प्रज्ज्वलित कर खेल समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रबंधक श्री आलोक अधिकारी, श्रीमती सुमन चतुर्वेदी, विद्यालय के पूर्व छात्र सिद्धार्थ एवं सुश्री पेरविन्क्ल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, एकता और खेल भावना का परिचय दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक्शन गीत, योग डांस, हूला हूप ड्रिल, दादा-दादी नृत्य के साथ बंगाली एवं राजस्थानी लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
खेल प्रतियोगिताओं में प्राथमिक वर्ग के बच्चों के लिए जलेबी दौड़, मेंढक दौड़, बोरा दौड़, तीन टांग दौड़ एवं 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई। वहीं माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने 100 मीटर दौड़ और रिले रेस में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्राथमिक वर्ग की जलेबी दौड़ एवं सैक रेस विशेष आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम को और रोचक बनाते हुए अभिभावकों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिला कर्मचारियों एवं पुरुष शिक्षकों ने भी अलग-अलग रस्साकशी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्साह और टीम भावना का परिचय दिया।
दादा-दादी दिवस बना समारोह का विशेष आकर्षण
इस अवसर पर दादा-दादी दिवस के माध्यम से परिवार के बुजुर्गों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की गई। विद्यार्थियों ने विशेष नृत्य प्रस्तुति के जरिए दादा-दादी के अमूल्य योगदान एवं पारिवारिक संस्कारों के महत्व को दर्शाया।
मुख्य अतिथि श्री शुभाशीष गुहा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विभिन्न प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री अरुण कुमार यादव, श्री उदय राज एवं सुश्री दामिनी ने किया। खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में खेल शिक्षक श्री नीरज यादव का विशेष योगदान रहा। संगीत शिक्षिका श्रीमती शिल्पा सक्सेना के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षक रहीं।
इस अवसर पर श्री राजेश शर्मा, श्रीमती मधुलिका सक्सेना, श्रीमती अनुपमा बुधौलिया, श्री राजकुमार दोहरे, श्रीमती रश्मि राजौरा, श्री राज सिंह, श्री कामेंद्र, श्री वसीउल्लाह, श्री सोमदत्त सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
दिबियापुर द लीजेंड परिवार
जानकारी भरोसे की