राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रधानमंत्री युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
27 अगस्त को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फैशन टेक्नोलॉजी में होगा “खेलो इंडिया संवाद”
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माई भारत), पंचकूला की ओर से 27 अगस्त को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फैशन टेक्नोलॉजी में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
सेक्टर-31 स्थित मेरा युवा भारत कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम सहायिका रेणु देवी ने बताया कि “खेलो इंडिया संवाद” के माध्यम से युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। युवा खिलाड़ियों के अनुभव, खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र और खेल अधोसंरचना जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में सांसद राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि तथा राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
मेरा युवा भारत विभाग की उपनिदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। संवाद के दौरान वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हॉकी के महान खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष मनाया जाता है। इस वर्ष 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा प्रतिभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए देशभर में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।
युवा अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को वीबीवाईएलडी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसमें मेरा युवा भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक और स्थानीय युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उपनिदेशक सुरमयी शर्मा ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं के विचार, सुझाव और सक्रिय सहभागिता देश के खेल क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर प्रोग्राम सहायक अनुराग यादव, गैर सरकारी मानवाधिकार संगठन के प्रधान नरेंद्र सिंह सहित मेरा युवा भारत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Panchkula, Panchkula | Aug 25, 2026