उत्तरकाशी में वायरल बुखार को लेकर प्रशासन अलर्ट, दूरस्थ गांवों में पहुंचे स्वास्थ्य विभाग की टीमें
DM Uttarkashi
उत्तरकाशी। जनपद के यमुना वैली और मोरी क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और ग्रामीणों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
गीठ पट्टी क्षेत्र के पिंडकी, मदेश और आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने कुल 83 ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच के बाद जरूरतमंद ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
वहीं मोरी ब्लॉक के सुदूरवर्ती भीतरी गांव में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मोरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने 120 मरीजों की जांच कर दवाइयों का वितरण किया।
इसके अलावा 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत ग्राम सभा नागणगांव/थान में भी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें एक्स-रे, शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच शामिल रही। जांच के बाद सभी लाभार्थियों को निशुल्क दवाइयां दी गईं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि जनस्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी ग्रामीण को उपचार के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा टीमें भेजने के निर्देश दिए हैं।
#Uttarkashi #ViralFever #HealthCamp #HealthDepartment #DMPrashantArya #UttarakhandNews #YamunaValley #MoriBlock #RuralHealth #BreakingNews