आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, गांव में मातम
ब्रजेश राठौर
पंजवारा/ बांका
मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रणगांव में एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रणगांव के गदीयन टोला निवासी जीतन राम (60 वर्ष) मंगलवार को अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास करने के दौरान आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वृद्ध किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Banka, Banka | Jun 24, 2026