*आगामी त्योहारों और पंचायत चुनावों के मद्देनजर धौलपुर पुलिस अलर्ट*
*जिलेभर में देर शाम सघन नाकाबंदी कर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच*
*आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय — धौलपुर पुलिस मुस्तैद*
आगामी त्योहारों के साथ पंचायत चुनावों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना कायम करने तथा असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन मे जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर सघन नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों एवं चुनावी गतिविधियों के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित घटना को रोकना, असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखना तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा। धौलपुर पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पंचायत चुनावों के मद्देनजर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है, ताकि जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे और आमजन निर्भीक होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें।पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान के निर्देशन में जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी एवं आवश्यक निवारक कार्रवाई की जा रही है। धौलपुर पुलिस का प्रयास है कि त्योहारों एवं पंचायत चुनावों के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने का अवसर नहीं मिले तथा आमजन सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें। धौलपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।