सहस्त्रधारा में सड़क से 50 मीटर नीचे खाई में गिरी कार, SDRF ने तीन घायलों को सुरक्षित निकाला
देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तीनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 03 अक्टूबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से थाना राजपुर क्षेत्र के सहस्त्रधारा में कार दुर्घटनाग्रस्त होने और गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने देखा कि कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। कार में कुल तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक महिला को भी चोटें आईं।
दुर्गम और विषम परिस्थितियों के बीच SDRF जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने खाई में उतरकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया।