हरक सिंह रावत का बड़ा दावा, बोले- उत्तराखंड में दो तिहाई बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार, सहसपुर सीट पर जीत का गारंटी
पौड़ी के चौबट्टाखाल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। हरक सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस पौड़ी जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जिले की एक सीट का परिणाम पार्टी की अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सकता।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे। युवा सम्मेलन के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं की अपेक्षित मौजूदगी नजर नहीं आई। बताया जा रहा है कि कई ब्लॉक अध्यक्षों को कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी गई, जबकि कांग्रेस के अन्य नेताओं को भी इसकी सूचना बहुत देरी से दी गई।
सहसपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी को लेकर हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने पार्टी से सहसपुर सीट से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है। उन्होंने दावा किया कि यदि पार्टी उन्हें सहसपुर से मैदान में उतारती है तो वह यह सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डाल देंगे।
हरक सिंह रावत ने इससे आगे दावा करते हुए कहा कि वह सहसपुर के साथ-साथ विकासनगर और धर्मपुर विधानसभा सीटों पर भी कांग्रेस को जीत दिला सकते हैं।
#HarakSinghRawat #Congress #UttarakhandPolitics #UttarakhandElection2027 #Sahaspur #Vikasnagar #Dharampur #Pauri #CongressInUttarakhand #uttarakhandheaven #pahadsamachar