ग्रेटर नोएडा में ज़ेवर टोल के महाप्रबंधक के कथित बयान को लेकर किसानों में नाराज़गी बढ़ गई है। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जून को ज़ेवर टोल पर महापंचायत और आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की मासिक बैठक ग्रेटर नोएडा स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मामचंद भगत ने की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि ज़ेवर टोल के महाप्रबंधक आनंद द्वारा किसानों को असामाजिक तत्व बताए जाने से किसानों के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है और यह पूरे किसान समाज का अपमान है।
संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री हरबीर सिंह ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे टोल से नहीं हटाया गया तो 22 जून को ज़ेवर टोल पर महापंचायत कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में किसानों से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग उठाई।
इस दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में हरबीर सिंह, हरेंद्र नागर, सतपाल नागर, देवेंद्र कसाना, विकास नागर, राजकुमार, कपिल कसाना, प्रमोद चौधरी, रविंद्र भाटी, सरजीत नागर, संजय नागर और राजेश अवाना समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।