विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत 19 से 25 सितंबर तक लगेंगे शिविर
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रेष्ठा श्री की अध्यक्षता में बैठक का हुआ आयोजन
धौलपुर, 19 सितम्बर। विकसित भारत–जन सेवा अभियान–2026 के तहत जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में 19 से 25 सितंबर 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों के सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रेष्ठा श्री की अध्यक्षता में जिले के समस्त उपखंड स्तरीय अधिकारियों की वर्चुअल माध्यम से डीओआईटी वीसी कक्ष में बैठक का आयोजन किया। बैठक में उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के आमजन को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ-साथ लंबित प्रकरणों एवं परिवादों के त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि ग्रीमीन क्षेत्रों में 19 से 25 सितंबर तक प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विकसित भारत जन सेवा अभियान संचालन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत चित्रसेवा, 18 से 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्र में नमो सेवा अनकही कहानियां, 25 से 27 सितम्बर तक आंगन मिलन सेवा, 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा की कहानी, 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा, 2 अक्टूबर को सेवा मेरा योगदान, 19 से 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्र में सेवा सेतु अभियान, 24 सितम्बर एवं 11 अक्टूबर दोनो दिवस को सेवा के रंग राष्ट्र के संग, 1 से 15 अक्टूबर तक सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सभी गतिविधियों का अयोजन किया जाए साथ ही अयोजत की गई गतिविधियों के अधिक से अधिक फोटो एवं वीडियो को पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिविरों के सफल आयोजन के लिए विकास अधिकारी को शिविर प्रभारी बनाया गया है। शिविर स्थल के रूप में भवन अथवा अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थान का चयन किया जाएगा। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थल पर पेयजल, छाया, बैठने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी सहित उपखंड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।