लखनऊ अग्निकांड के बाद कोटा नगर निगम एक्शन में
लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद कोटा में प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा मानकों की जांच के लिए लगातार सर्वे और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने बुधवार को केशवपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कोचिंग सेंटर और एक लाइब्रेरी को सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित संस्थानों को पहले ही सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद आवश्यक सुरक्षा मापदंडों की पालना नहीं की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, फायर फाइटिंग उपकरणों और अन्य जरूरी मानकों की जांच की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं जिला प्रशासन की ओर से शहरभर में सर्वे अभियान लगातार जारी है, ताकि कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया जा सके और किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
Ladpura, Kota | Jun 24, 2026