#किन्नौर : श्री श्री महादेव टेरस नारायण जी के आदेशानुसार आयोजित पारंपरिक डाखरेन मेला इस वर्ष भी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मेले का शुभारंभ 17 जुलाई को श्री नारायण मंदिर, हुरुआ में धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद 18, 19 और 20 जुलाई को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्री महादेव मंदिर, मझगांव में मेले का भव्य समापन किया गया।
चार दिवसीय मेले के दौरान क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर देव दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना, देव कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति ने बताया कि डाखरेन मेला क्षेत्र की प्राचीन देव परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। समिति ने मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, देव कारदारों, स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
Ani, Kullu | Jul 20, 2026