***निष्पक्ष जांच के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा विश्वकर्मा-अमित शर्मा***
---खुटार के हरनहाई गांव पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल---
शाहजहांपुर के थाना खुटार क्षेत्र में एक साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी गुड्डू शर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी थी। 10 जून को खुटार पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी गुड्डू शर्मा को जेल भेज दिया था। 11 जून को प्रधान शोभित कुमार पासवान के नेतृत्व में गांव के तमाम लोगों ने दुष्कर्म के आरोपी गुडडू शर्मा को निर्दोष और फर्जी मुठभेड़ का पुलिस पर आरोप लगाते हुए खुटार थाना क्षेत्र की चांदपुर चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किया था। जिसमें गांव की कई महिलाएं और पुरुष चोटिल हुए थे। यही नहीं, पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले ग्राम प्रधान शोभित पासवान सहित अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मामले की जानकारी दी और फर्जी मुठभेड़, पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। जिसके क्रम में सपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सपा का एक शिष्टमंडल तथा अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के जिलाध्यक्ष अमित शर्मा के साथ तमाम पदाधिकारी शनिवार को थाना खुटार क्षेत्र के गांव हरनहाई पहुंचे। यहां, प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों, वर्तमान ग्राम प्रधान के परिवार, पूर्व प्रधान तथा आरोपी गुड्डू शर्मा के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मौलिक अधिकारों व लोकतंत्र का हनन कर रही है। पीड़ित गुड्डू शर्मा को न्याय दिलाने के लिए गांव वाले शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करके अंग्रेजी सरकार को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इस मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और पीड़ित गुड्डू शर्मा को न्याय दिलाने की मांग की।पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार महिला की सुरक्षा नही,बल्कि महिलाओं पर लाठीचार्ज करवाकर खुला अपमान कर रही है।विश्वकर्मा समाज के जिलाध्यक्ष अमित शर्मा ने कहा कि पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ है और निष्पक्ष जांच के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा। इस मौके पर सपा जिला महासचिव रंणजय सिंह यादव, सपा महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, सपा नेता जितेंद्र प्रसाद गौतम, ब्रह्मानंद मिश्रा, मिश्रीलाल पटेल, जितेंद्र वर्मा, आसिफ खान, सतीश चंद्र शर्मा, महेश शर्मा, विकास शर्मा, अतुल शर्मा, रामनिवास शर्मा, राजकुमार शर्मा, सामर्थ यादव, अतेंद्र वर्मा, श्यामलाल जाटव, पीएल गौतम, अखिलेश शर्मा, मानवेंद्र सिंह यादव उर्फ मोनू, सरदार सत्यपाल सिंह, राजकुमार शंखधार, रामप्रसाद कनौजिया, हिमांशु गुप्ता, मनजीत, फराज इदरीसी, रानू खान, सरदार बलजीत सिंह, नीरज कुमार आदि कई लोग मौजूद रहे।