Ambala Media:"
पुलिस डी.ए. वी पब्लिक स्कूल, अम्बाला शहर में आज आर्य युवा समाज के तत्वावधान में स्कूल के विद्यार्थियों के लिए वेद कथा एवं सत्संग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली से पधारे आचार्य श्रुतांत आर्य ने विद्यार्थियों से वार्तालाप किया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विकास कोहली ने की। उन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि दयानंद एंग्लो वैदिक (DAV) स्कूलों की स्थापना के माध्यम से आधुनिक और वैदिक शिक्षा को बढ़ावा दिया गया । शिक्षा का उद्देश्य मानव में सभ्यता, सदाचार, परोपकार, आदि गुणों का विकास करना बताया । उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने और वैदिक विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने बताया कि वास्तविक सफलता केवल पद और प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि समाज के लिए उपयोगी बनने में है। डॉ. कोहली ने श्रावणी पूर्णिमा, चतुर्वेद पारायण यज्ञ व प्रकृति के संरक्षण पर भी प्रकाश डाला ।
मुख्य वक्ता आचार्य श्रुतांत आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यार्थी जीवन के लिए कुछ महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा की , जिसमें उन्होंने श्रेष्ठ चरित्र निर्माण, अनुशासन, समय का सदुपयोग करने तथा आध्यात्मिकता के बारे में बताया । उन्होंने बच्चों को समझाया की उन्हें जीवन में सफ़लता हासिल करने के लिए अपना एक लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे पूर्ण करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने वर्तमान समय में मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग और उसकी लत से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मचिंतन एवं ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास भी कराया तथा समझाया कि नियमित ध्यान मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक बनाता है। मेडिटेशन से बच्चों का पढ़ाई पर फ़ोकस बढ़ता है और वे हर विषय को पूर्णतः समझ के साथ और ध्यानपूर्वक करने लगते है। इस कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, सकारात्मक सोच, सेवा भावना एवं नैतिक मूल्यों को सीखा और समझा तथा उसे अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में स्कूल के अध्यापक भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।
Ambala, Ambala | Jul 11, 2026