रायबरेली: घर में दफन मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
रायबरेली। जिले के डलमऊ क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक का शव घर के अंदर जमीन में दफन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महिला के कथित प्रेमी के रूप में बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, महिला और उसके पति पर युवक की हत्या कर शव को घर के अंदर दफनाने का आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
Hardoi, Hardoi | Aug 1, 2026