सरकारी नलकूप की जमीन पर कब्जे का आरोप, बोर्ड उखाड़ने और जान से मारने की धमकी की शिकायत
सुभाषनगर क्षेत्र के बेहटी देह जागीर का मामला, जांच में मौके पर नहीं मिला किसी व्यक्ति का कब्जा
बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बेहटी देह जागीर में सरकारी नलकूप की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर शिकायत सामने आई है। ग्राम पंचायत सदस्य पवन कुमार ने आरोप लगाया है कि नलकूप विभाग की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पवन कुमार के मुताबिक ग्राम बेहटी देह जागीर में गाटा संख्या 333 और 337 की जमीन नलकूप विभाग के अभिलेखों में सरकारी नाली-नलकूप के रूप में दर्ज है। उनका आरोप है कि विभाग की ओर से जमीन को चिन्हित कर बोर्ड लगाया गया था, जिसे रात में कुछ लोगों ने उखाड़कर फेंक दिया। इसके बाद जमीन पर बाउंड्री और टिन डालकर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लेखपाल मिश्रा समेत करीब 10-15 लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पवन का कहना है कि उन्होंने थाने में दो बार शिकायत की, लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
हालांकि, नलकूप खंड-द्वितीय की ओर से उपजिलाधिकारी सदर को भेजी गई जांच आख्या में अलग स्थिति सामने आई है। विभागीय पत्र के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को सहायक अभियंता, अवर अभियंता, जिलेदार, क्षेत्र पर्यवेक्षक और राजस्व लेखपाल की मौजूदगी में मौके की जांच कराई गई। राजस्व लेखपाल ने गाटा संख्या 333 और 337 की पैमाइश कर जमीन को चिन्हित किया।
जांच आख्या के मुताबिक दोनों गाटों की जमीन मौके पर सार्वजनिक मार्ग के रूप में प्रयोग होती पाई गई और वहां किसी एक व्यक्ति विशेष का कब्जा नहीं मिला। मौके पर एक पाकड़ का पेड़ भी लगा हुआ बताया गया है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता पवन कुमार भी मौजूद थे।
विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट, शिकायतकर्ता के लिखित बयान और जीपीएस फोटोग्राफ की प्रतियां उपजिलाधिकारी सदर को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी हैं।
पवन कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि यदि सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रयास हुआ है तो उसे कब्जामुक्त कराया जाए और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए वहां सरकारी भवन या अन्य स्थायी व्यवस्था की जाए। साथ ही धमकी देने के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बाइट: पवन कुमार, शिकायतकर्ता
#Bareillynewslive
Bareilly, Bareilly | Aug 7, 2026