मंडला में माटी गणेश मूर्ति निर्माण प्रशिक्षण
ग्रामीणों ने पर्यावरण-संरक्षण का लिया संकल्प
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मंडला के तत्वावधान में “घर-घर गणेश, हर घर गणेश” अभियान के अंतर्गत शनिवार को सेक्टर स्तरीय माटी गणेश-सिद्ध गणेश मूर्ति निर्माण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण ग्राम सेमरखापा स्थित खेरमाई माता मंदिर और किला घाट, मंडला में आयोजित हुआ। यह आयोजन नवांकुर संस्था धेनुवाडी गौ रक्षा समिति सेमरखापा और सृजन समाज विकास समिति, मंडला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में माटी गणेश प्रतिमा के धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में उसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। सेमरखापा में परामर्शदाता श्री लालाराम चक्रवर्ती और किला घाट में एम.एस.डब्ल्यू. छात्र श्री शंकर चक्रवर्ती ने प्रशिक्षणार्थियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की सरल विधि, आकार देने की तकनीक और प्राकृतिक रंगों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उपस्थित ग्रामीणों ने स्वयं अपने हाथों से माटी की गणेश प्रतिमाएं बनाकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
सेमरखापा में नवांकुर संस्था की सुश्री किरण ठाकुर के साथ 18 ग्रामीण महिलाएं और किला घाट में जितेन्द्र लारेश्वर के साथ 21 लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पीओपी से बनी मूर्तियों का बहिष्कार कर माटी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित करने और पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री संतोष झारिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।
निवास के ग्राम भटगांव में हुआ प्रशिक्षण
निवास विकासखण्ड के ग्राम भटगांव में विकास खण्ड प्रबंधक श्री सूरज बर्मन की उपस्थिति में नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान द्वारा मिट्टी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। संस्था की कार्यक्रम समन्वयक श्री आरूणी सिंगरोरे ने सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्वयं प्रतिमा बनाकर निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों से भी प्रतिमा निर्माण का अभ्यास कराया। इस अवसर पर परामर्शदाता श्री देवेंद्र वरकड़े सहित अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Sep 13, 2026