देयक पारितकरण, टीडीएस एवं आयकर प्रावधानों पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को दी गई
..
जिला कोषालय द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा लेखा लिपिकों के लिए देयक पारितकरण संबंधी जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कोषालय अधिकारी श्री राजीव जैन ने बताया है कि प्रशिक्षण में जिला स्तर के अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि तहसील स्तर के डीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शासकीय देयकों के समयबद्ध एवं त्रुटिरहित पारितकरण, आयकर अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी तथा टीडीएस संबंधी प्रक्रियाओं को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और नियमों के पालन के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जीएसटी विभाग से श्री गौरव शर्मा तथा आयकर विभाग, भोपाल से श्री जय नाथ वर्मा ने विशेषज्ञ के रूप में मार्गदर्शन प्रदान किया। यह आउटरीच एवं जागरूकता कार्यक्रम माननीय अपर आयकर आयुक्त, भोपाल श्री शशिकांत कुशवाह के निर्देशन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में डॉ. अतुल कुमार, उप आयकर आयुक्त (टीडीएस), श्री प्रतीक शिंदे, आयकर अधिकारी (टीडीएस), श्री राजीव कुमार शर्मा, आयकर अधिकारी (टीडीएस), श्री निखलेश प्रजापति, श्री सिद्धार्थ सरकार (निरीक्षक), श्री हिमांशु निरंजन तथा सुश्री दिव्या मिश्रा, कार्यालय अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
विशेषज्ञ अधिकारियों ने प्रतिभागियों को आयकर अधिनियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही टीडीएस की सही एवं समय पर कटौती, संबंधित प्रावधानों के अनुपालन तथा आयकर पोर्टल पर विवरणी (रिटर्न) दाखिल करने की संपूर्ण प्रक्रिया को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विस्तार से समाधान किया गया। दैनिक कार्यों के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन देते हुए उनके समाधान बताए, जिससे प्रतिभागियों को वित्तीय एवं कर संबंधी प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से शासकीय कार्यालयों में वित्तीय अनुशासन, कर संबंधी नियमों के प्रभावी पालन तथा देयकों के समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन को और अधिक मजबूती मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई है। #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026