खेत पर गए किसान की गोली मारकर हत्या
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम गौरगांय में बुधवार सुबह 45 वर्षीय किसान शिवराम उर्फ शेरा यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार शेरा यादव सुबह करीब 4 से 5 बजे खेत पर भैंसों का दूध निकालने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी खेत पर पहुंचीं, जहां कमरे के अंदर उनका शव खून से लथपथ मिला। सिर पर गोली लगने के निशान बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक बुलेट बरामद की गई है। पुलिस को गांव का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें मृतक सुबह खेत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने किसी पर सीधे तौर पर शक या पुरानी रंजिश से इनकार किया है। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले भी मृतक लापता हुए थे, लेकिन बाद में सकुशल लौट आए थे। एसपी रजत सकलेचा ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#mpcgexpress #chhatrpur #crime