महाविद्यालय की बस को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले—कॉलेज के लिए स्थायी बस की हो व्यवस्था
बड़कोट। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट के छात्र-छात्राओं के लिए बस संचालन को लेकर बीते दिन हुए घटनाक्रम के बाद आज नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका महाविद्यालय में बस संचालन के विरोध में नहीं है, बल्कि कॉलेज के लिए स्थायी रूप से बस की व्यवस्था किए जाने की मांग कर रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि कल उन्होंने एसडीएम के साथ वार्ता कर महाविद्यालय की बस के संबंध में विस्तृत चर्चा की थी। वार्ता के दौरान सुझाव दिया गया कि जिस विद्यालय में छात्र संख्या बेहद कम है, वहां की बस को महाविद्यालय के लिए लगाया जा सकता है और उसे स्थायी रूप से महाविद्यालय के संचालन के लिए ही रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि शिक्षा विभाग द्वारा संचालित किसी विद्यालय की बस को महाविद्यालय के लिए लगाया जाता है और प्रशासन की ओर से आदेश किया जाता है, तो नगर पालिका संबंधित विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास करेगी।
पीएम श्री विद्यालय की बस कॉलेज के लिए लगाने पर जताई चिंता
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय बड़कोट में छात्र संख्या काफी अधिक है। ऐसे में वहां की बस को महाविद्यालय के लिए संचालित करने से छोटे-छोटे बच्चों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि पीएम श्री विद्यालय की बस को जीडीसी बड़कोट के लिए लगाया गया है तो इससे विद्यालय के विद्यार्थियों की परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका कॉलेज में बस लगाए जाने के खिलाफ नहीं है, बल्कि कॉलेज के लिए अलग और स्थायी बस उपलब्ध कराने के पक्ष में है।
जिला योजना में बस की मांग शामिल करने का सुझाव
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि एसडीएम के समक्ष यह सुझाव भी रखा गया है कि जिला योजना में किए जा रहे संशोधन के दौरान राजकीय महाविद्यालय बड़कोट के लिए एक बस की मांग शामिल की जाए, ताकि कॉलेज को स्थायी रूप से अपनी बस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में यमुनोत्री विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को पत्र भी भेजा गया है।
‘छात्र-छात्राओं के साथ पहले भी थे, आगे भी रहेंगे’
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका ने हमेशा जीडीसी बड़कोट के छात्र-छात्राओं की समस्याओं में उनका सहयोग किया है और भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता की जाएगी।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि यदि उनकी ओर से भविष्य में कोई जायज मांग सामने आती है तो नगर पालिका उसे पूरा करने का प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि छात्र-छात्राएं किसी राजनीतिक विवाद या राजनीति का हिस्सा बनते हैं, तो ऐसी स्थिति में नगर पालिका के लिए सहयोग करना मुश्किल हो सकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जीडीसी बड़कोट के छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि “हम पहले भी आपके साथ थे और आज भी आपके साथ खड़े हैं।” उन्होंने दोहराया कि कॉलेज की बस की आवश्यकता को लेकर प्रशासन के समक्ष स्थायी समाधान की मांग रखी गई है।