पिथौरागढ़ जनपद में कोतवाली मुनस्यारी क्षेत्र के ग्राम फापा निवासी भीम सिंह पाना बकरियां चराने के लिए अपने गांव से लगभग 30-40 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान पहाड़ी से गिरने के कारण उनके पैर में गंभीर चोट लग गई, जिससे वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली मुनस्यारी पुलिस, एसडीआरएफ टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्गम एवं कठिन पर्वतीय क्षेत्र में पहुंचकर संयुक्त टीम ने घायल व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर पैदल मार्ग से सड़क तक पहुंचाया। इसके उपरांत उन्हें आवश्यक उपचार हेतु वाहन से जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा गया।