जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ
अररिया: खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 29 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता की विभिन्न खेल स्पर्धाएं नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया, इंडोर स्टेडियम अररिया एवं खेल भवन-सह-व्यायामशाला, अररिया के परिसरों में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती, शतरंज, योगा, क्रिकेट, वूशु, हॉकी, रग्बी, खो-खो, साइकिलिंग, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, तलवारबाजी एवं सेपक टकरा सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी विद्यालयों की प्रतियोगिता में सहभागिता अनिवार्य की गई है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने तथा खेल के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सुविधाओं, मैदान, आयोजन स्थल, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि सभी प्रतिभागी सुचारू एवं सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अररिया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।