डीसीएचबी प्रशिक्षण सत्र का सफल समापन, जनगणना कार्य में पारदर्शिता व सटीकता पर जोर
लखीसराय। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 16 से 18 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण में रामगढ़ चौक, बड़हिया, चानन और हलसी प्रखंड के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि डाटा संग्रहण पूरी पारदर्शिता, सटीकता और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर किया जाए। साथ ही सभी कार्य डीसीएचबी मोबाइल ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत निष्पादित करने पर जोर दिया।
निदेशालय से आए प्रशिक्षक राधे श्याम एवं रवि कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्रीय कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने सत्यापित एवं पूर्ण रूप से जांचे गए डाटा को ही अंतिम रूप से प्रेषित करने की अपील की।
प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर नीति निर्माण, विकास योजनाओं का निर्धारण, कल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा संसाधनों का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाता है।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Jul 18, 2026