मौत से बाल-बाल बचे मासूम: KRH में बच्चों के वार्ड की छत से गिरा प्लास्टर...
ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल (केआरएच) में चिल्ड्रन वार्ड की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के समय वार्ड में 16 बच्चे भर्ती थे। गनीमत रही कि एक मां ने घटना से कुछ मिनट पहले अपनी ढाई महीने की बेटी का पलंग बदल दिया था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्लास्टर के टुकड़े दूसरे पलंग पर सो रही बच्ची के पैर पर लगे, जिससे उसे मामूली चोट आई। घटना के बाद सभी बच्चों को तत्काल दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई गई। केआरएच की पुरानी इमारत में पहले भी प्लास्टर गिरने और बिजली संबंधी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बारिश के कारण सीलन को प्लास्टर गिरने की संभावित वजह बताया है।