व्यापारी पर अपहरण केस के विरोध में बाजार बंद, खैरथल के बाजारों की विभिन्न यूनियनों ने पुलिस के खिलाफ लिया फैसला
खैरथल | पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में शहर के व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रोघा परिवार, डाटा परिवार एवं उनके समर्थकों के खिलाफ अपहरण के कथित झूठे मामले दर्ज किए जाने और व्यापारियों पर नाजायज दबाव बनाने के आरोपों को लेकर शहर के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने बैठक की। जिसमें सर्वसम्मति से आज 19 सितंबर से 21 सितंबर तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया। इस दौरान आज खैरथल बाजार बंद रहेगा। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना था कि संबंधित मामलों में व्यापारियों एवं अन्य लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि वे अपने विरोध को शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराते हुए बाजार को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा। इनमें फल एवं सब्जी यूनियन, किराना यूनियन, जनरल इलेक्ट्रिक, मोबाइल, रेडीमेड, चूड़ी मार्केट, फुटवियर और मशीनरी यूनियन सहित अन्य व्यापारिक संगठन शामिल रहे।
Alwar, Alwar | Sep 19, 2026