कलेक्टर श्री वर्मा का पिछोर-खनियाधाना में औचक निरीक्षण
खाद वितरण, शिक्षा, छात्रावास और गौशाला की व्यवस्थाएं परखीं; लापरवाही पर सख्ती के निर्देश
शिवपुरी- 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान'के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आज पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिछोर के खाद वितरण केंद्र पर उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ हो और किसी भी किसान को अनावश्यक देरी न हो।
इसके बाद कलेक्टर ने खनियाधाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दवियाकलां और सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वच्छता, उपस्थिति, मध्याह्न भोजन और वोकेशनल कक्षाओं की व्यवस्था देखी। निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा। खनियाधाना स्थित शासकीय कन्या छात्रावास में उन्होंने परिसर, रसोईघर और भोजन की गुणवत्ता जांची तथा छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के तत्काल निराकरण के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम दवियाकलां की गौशाला में चारागाह की शासकीय भूमि पर अवैध खेती पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए राजस्व अधिकारियों को त्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसेवा, शिक्षा की गुणवत्ता और शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
Collector Shivpuri Arpit Verma IAS
#शिवपुरी #कलेक्टर_निरीक्षण #जन_विश्वास_अभियान