प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
23 अक्टूबर 2026
शीर्षक: जमुई में राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, आठ प्रमंडलों की 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगी प्रतिभा।
•खेल हमारे जीवन में निभाता है अहम भूमिका, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी –जिला पदाधिकारी।•
जमुई: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय सोनपे खेल मैदान पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, और खेल विभाग, बिहार के सहायक निदेशक ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में बिहार के आठ प्रमंडलों—पटना, मुंगेर, भागलपुर, तिरहुत, मगध, सारण, दरभंगा एवं कोसी—की 300 से अधिक बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल एवं टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए खेल विभाग द्वारा 70 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों एवं प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, जिला स्तर पर 20 से अधिक खेल शिक्षक भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अहम भूमिका निभाता है। यह न केवल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि टीम भावना, आपसी सहयोग और भाईचारे को भी मजबूत करता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इसलिए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उनके आवासन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर खिलाड़ी मैदान में उपस्थित शिक्षकों अथवा संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने कहा कि वर्तमान समय में खेल के माध्यम से भी सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है। खेल प्रतिभा को पहचान दिलाने और जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन का पालन करते हुए पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उद्घाटन समारोह में खेल विभाग, बिहार के सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार सिंह, राष्ट्रीय निर्णायक श्री संदीप कुमार, श्री मुरारी प्रसाद, श्री करुणेश कुमार सिंह, श्री किशोर कुनाल एवं श्री प्रदीप कुमार, शिक्षक श्री नवीन कुमार एवं श्री मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खेल मैदान में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। आगामी तीन दिनों तक विभिन्न प्रमंडलों की बालिका खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। यह आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के बल पर जिला एवं राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Department of Tourism, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Oct 23, 2026