दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन सभा में पहुंचे प्रशांत किशोर, डॉ सुरेश प्रसाद राय और डॉ मो. इम्तियाज नुरानी के लिए की वोट अपील, बोले- ये चुनाव सरकार बनाने-हटाने का नहीं, सरकार को जवाबदेह बनाने का है
जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने दरभंगा में MLC चुनाव को लेकर आयोजित नामांकन सभा में हिस्सा लिया। लहेरियासराय पोलो ग्राउंड के नजदीक आयोजित सभा में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ सुरेश प्रसाद राय और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ मो. इम्तियाज नुरानी के साथ शामिल हुए और दोनों उम्मीदवारों के लिए वोट अपील की।
*PK ने कहा- जाति-धर्म से ऊपर उठकर जन सुराज के दोनों उम्मीदवारों को जिताइए*
प्रशांत किशोर ने कहा कि ये चुनाव कोई सरकार बनाने या सरकार हटाने का चुनाव नहीं है, बल्कि वोट से बनी हुई सरकार को जवाबदेह बनाने का अवसर है। बिहार में NDA की 202 विधायकों वाली सरकार है और दिल्ली में मोदी जी की सरकार है, फिर भी बिहार के बच्चों के लिए शिक्षा और रोजगार नहीं है और पिछले 30 वर्षों से शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। बाढ़ में 50 लाख लोग प्रभावित हैं, लेकिन मोदी जी ने अभी तक संवेदना का एक शब्द तक नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर, हिंदू-मुसलमान के नाम पर, लालू के डर से भाजपा और भाजपा के डर से लालू को वोट देने से ही बिहार की ये दुर्दशा हुई है। आपके पास अवसर है कि कोई आपका वोट 5 किलो अनाज में नहीं खरीद सकता। एक बार जन सुराज के दोनों उम्मीदवारों को जिताइए।
*PK ने शिक्षकों और स्नातकों के लिए किया ऐलान- लोकसभा चुनाव से पहले सभी शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाना और दरभंगा के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को निजी नौकरी दिलाना मेरी गारंटी*
PK ने कहा कि प्रशांत किशोर और जन सुराज ने वादा किया है कि लोकसभा चुनाव से पहले सभी शिक्षकों को 7वां वेतनमान नहीं दिलाया तो वोट मांगने नहीं आएंगे, चाहे आप विद्यालय शिक्षक हों, नियोजित शिक्षक हों या किसी भी कैटेगरी के शिक्षक हों। वहीं, दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र के स्नातक साथियों के लिए 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को निजी नौकरी दिलाना मेरी, यानी प्रशांत किशोर की व्यक्तिगत गारंटी है। 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार लोगों को नौकरी निश्चित रूप से दी जाएगी।
*PK ने सम्राट चौधरी को घेरा- 7वीं फेल अपराधी को हटाना चाहते हैं तो बैलेट पेपर पर NDA के साथी को हराइए*
प्रशांत किशोर ने कहा कि 7वीं फेल अपराधी को हटाना चाहते हैं तो एक बार बैलेट पेपर पर NDA के साथी को हराइए। मोदी जी को खुद पता चल जाएगा कि जिस अनपढ़ आदमी को बिहार पर थोपा है, वह बिहार की जनता को स्वीकार्य नहीं है। मौके पर ललन यादव, सरवर अली, निर्मल मिश्रा, अनिल मिश्रा, समस्तीपुर जिलाध्यक्ष सत्यनारायण साहनी, रत्नेश्वर ठाकुर, बेगूसराय लोकसभा प्रभारी राजनीश कुमार, नारायण यादव, बिट्टू साहनी, रामबालक पासवान, संजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।