आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ
आपदा प्रबंधन, भूकंप से बचाव तथा राहत एवं बचाव कार्यों का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग एवं मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को कार्यालय डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड परिसर में किया गया। प्रशिक्षण का प्रथम सत्र 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री अश्विनी कुमार सूद ने आपदा प्रबंधन की अवधारणा, आपदा के दौरान आपदा मित्रों की भूमिका तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, सतर्कता बरतने, तत्परता के साथ कार्य करने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कंपनी कमांडर श्री प्रमोद डंडोतिया ने भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं, प्लाटून कमांडर श्री दीपक राठौर ने भार उठाने एवं उसे सुरक्षित रूप से स्थिर करने की तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य संचालित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा के समय स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों में उनकी प्रभावी सहभागिता विकसित करना है। सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक स्तर पर बचाव, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वित रूप से कार्य करने संबंधी आवश्यक कौशल एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे आपदा की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और जनहानि को कम करने में सहयोग मिलेगा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
2 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026