हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में तनाव, झड़प के बाद छात्र नेताओं के बैग की चेकिंग में मिले धारदार हथियार ।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है । विश्वविद्यालय के लॉ विभाग में कुछ छात्र नेताओं और अन्य छात्रों के बीच झड़प होने की जानकारी सामने आई है । घटना के बाद विश्वविद्यालय सुरक्षा के डीएसपी गौरी शंकर मौके पर पहुंचे ।
इसके बाद इनमें से कुछ छात्र वीसी कार्यालय पहुंच गए, जहां बैग की चेकिंग की गई । चेकिंग के दौरान कुछ छात्र नेताओं के बैग में धारदार हथियार मिलने की बात सामने आई है । इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डीएसपी छात्रों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं । वीडियो में कुछ छात्र नेता यह दावा करते दिखाई दे रहे हैं कि बैग किसी और छात्र का है । हालांकि, पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने की बात सामने आई है ।
फिलहाल पुलिस ने मामले में छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है । पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और झड़प के साथ-साथ बैग में मिले धारदार हथियारों को लेकर भी तथ्यों की जांच की जा रही है ।
#shimla #university