🔳सेवानिवृत्ति पर अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक उर्मिला दुबे को दी गई भावभीनी विदाई
🔳कटनी - शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक श्रीमती उर्मिला दुबे के सेवानिवृत्ति अवसर पर महाविद्यालय परिसर में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों के साथ प्रो. उर्मिला दुबे के परिवारजन भी उपस्थित रहे।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने श्रीमती उर्मिला दुबे के शैक्षणिक एवं मानवीय व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाविद्यालय में उनकी सेवाकालीन भूमिका सदैव सहयोग, सहजता और आत्मीयता से परिपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि प्रो. दुबे का स्वभाव सभी के साथ सहयोग करने वाला रहा है। उनकी सरलता और सहजता उनके व्यक्तित्व की ऐसी विशेषताएं हैं, जो न केवल उन्हें विशिष्ट बनाती हैं, बल्कि महाविद्यालय की गरिमा को भी बढ़ाती हैं। उनके दीर्घ सेवाकाल में विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मरणीय रहेगा।
प्रो. माधुरी गर्ग ने प्रो. उर्मिला दुबे के स्वागत एवं अभिनंदन के दौरान उनके महाविद्यालयीन जीवन के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रो. दुबे ने अपने कार्य और व्यवहार से यह साबित किया कि एक शिक्षक की पहचान केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका व्यक्तित्व अपने आसपास के लोगों के जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि उनकी सहज मुस्कान, आत्मीय व्यवहार और सभी के साथ सामंजस्य स्थापित करने की क्षमता उन्हें विशेष बनाती है। सेवानिवृत्ति उनके लिए सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और आनंदपूर्ण अध्याय की शुरुआत है।
अंग्रेजी विभाग की प्रो. नाहिद सिद्दीकी ने प्रो. उर्मिला दुबे के साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा सीखने और आत्मीयता का अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में उनका सहयोग, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और सहकर्मियों के साथ उनका मधुर व्यवहार लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने प्रो. दुबे के स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
अंग्रेजी विभाग के प्रो. जी. एम. मुस्तफा ने भी प्रो. दुबे से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि लंबे समय तक साथ काम करने के दौरान उनकी कार्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और सकारात्मक सोच से सभी को प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से उनका औपचारिक जुड़ाव भले ही आज समाप्त हो रहा है, लेकिन उनकी आत्मीयता और उनके साथ बिताई गई यादें हमेशा हमारे बीच बनी रहेंगी।
इस अवसर पर प्रो. उर्मिला दुबे के पति ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल में जिस प्रकार सहयोग, सम्मान और अपनत्व प्रदान किया, उसके लिए पूरा परिवार सदैव कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि तिलक महाविद्यालय से जुड़ी स्मृतियां परिवार के लिए हमेशा विशेष रहेंगी।
समारोह के दौरान महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. उर्मिला दुबे को सम्मानित कर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम भावुक एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल की उपलब्धियों और योगदान को स्मरण करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026