मझगवां क्षेत्र की सड़कों पर क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां लेकर चल रहे ऑटो चालक
मझगवां - मझगवां क्षेत्र की सड़कों पर हादसों को खुला न्योता दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों की जान के साथ ऑटो चालकों द्वारा सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।
हाल ही में सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि केवल 3-सीट की क्षमता (पासिंग) वाले तीन पहिया ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां भरी जा रही हैं। ऑटो के अंदर, पीछे और दोनों तरफ लटककर यात्रा करने वालों में छोटे मासूम बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। बारिश के इस मौसम में फिसलन भरी सड़कों पर जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने पर किसी बड़े हादसे से भी इंकार नहीं किया जा सकता, जिसके बाद रोने-धोने के अलावा कुछ शेष नहीं बचेगा।
देखने में आता है की मझगवां थाना पुलिस आए दिन सड़को में चेकिंग के नाम पर हेलमेट न लगाने के चालान काटती है। लेकिन दिन के उजाले में नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाते और जान जोखिम में डालते ये ओवरलोड ऑटो पुलिस को नजर नहीं आते।
सूत्रों का दावा है कि इस पूरी लापरवाही के पीछे अवैध वसूली का खेल है। कथित तौर पर कुछ प्राइवेट व्यक्ति इन ऑटो चालकों से हर महीने नजराना वसूली करते है, जो कि जिम्मेदारों तक पहुंचता है। इसी नजराने के कारण जिम्मेदार सड़कों पर दौड़ती इन संभावित मौतों की ओर निहारते तक नहीं हैं।