*कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पोषण व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं एनीमिया जांच शिविर का आयोजन*
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बांका द्वारा मंगलवार को प्रखंड चांदन स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक दिवसीय पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम सह एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ रजनी कुमारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), चांदन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य और पोषण समाज की प्रगति की नींव है। स्वस्थ और जागरूक बालिकाएं ही एक सशक्त समाज और राज्य का निर्माण कर सकती हैं।
शिविर के दौरान उपस्थित ANM द्वारा विद्यालय की बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं एनीमिया जांच की गई। जांच के उपरांत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने किशोरियों को संतुलित आहार, स्वच्छता और एनीमिया से बचाव के लिए जरूरी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुनः बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अपनी व्यक्तिगत देखभाल (Self-care), स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।
वही वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम, कानूनी प्रावधानों और महिलाओं के लिए उपलब्ध वित्तीय योजनाओं व सुरक्षात्मक अधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
जेंडर स्पेशलिस्ट माधुरी कुमारी ने बालिकाओं को उनके मौलिक बाल अधिकारों, लैंगिक समानता और हिंसा या भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने के तरीकों से अवगत कराया।
पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के जिला मिशन समन्वयक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डेन आना जी, विद्यालय की शिक्षिकाएं, स्वास्थ्यकर्मी, महिला एवं बाल विकास निगम के प्रतिनिधि तथा विद्यालय की छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
115 views | Banka, Bihar | Sep 8, 2026