उदीयमान सूर्य को जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने अर्पित किया अर्घ्य, कैलाशपुरी छठ घाट पहुंचे डीएम एवं एसपी
लोक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक विरासत के महापर्व में शामिल होकर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं सीतामढ़ी के सर्वांगीण विकास की कामना की
सीतामढ़ी। लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन कैलाशपुरी छठ घाट पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं व्रतियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया तथा पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर की आराधना की। उन्होंने छठ घाट पर उपस्थित व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ इस पावन पर्व में सहभागिता निभाई तथा सभी जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता, लोक परंपराओं एवं प्रकृति के प्रति सम्मान का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करता है।
इस पावन अवसर पर जिलेवासियों की खुशहाली, सामाजिक समरसता एवं सीतामढ़ी को विकास, प्रगति और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने की मंगलकामना की गई।
Sitamarhi, Bihar | Nov 16, 2026