उपायुक्त निवेदिता नेगी ने विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित कार्ययोजना लागू करने के दिए निर्देश
जिले में शीतकालीन तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
Kullu Times
जिला लाहौल स्पीति में आगामी शीत ऋतु के दौरान संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों के संदर्भ में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष निवेदिता नेगी ने की।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों से सर्दियों के दौरान सड़क संपर्क, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा संचार व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी भी बर्फबारी के समय पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में मशीनरी, आवश्यक उपकरणों और मानव संसाधन की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, एंबुलेंस सेवाओं की तत्परता तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोनिवि व सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को बर्फबारी के कारण बंद होने वाली सड़कों को तुरंत बहाल करने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने को कहा। उन्होंने इन दोनों विभागों को आवश्यक मशीनरी की सूची आपस में साझा करने के लिए कहा। उन्होंने जल शक्ति विभाग को सर्दियों के समय आवश्यक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने हेतु जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए
उन्होंने विद्युत विभाग को थिरोट पावर हाउस के कार्य आपातकालीन बैकअप पावर सप्लाई के लिए आवश्यक कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि बर्फबारी के समय मनाली से विद्युत आपूर्ति न होने पर घाटी में बिजली की समस्या न हो।
उन्होंने जिला के खण्ड विकास अधिकारिओं को जिला की सभी पंचायतों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर बनाने सहित रिलीफ शेल्टर के रूप में चिन्हित करने के लिए कहा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि शीत ऋतु की आवश्यकता के अनुसार आवश्यक दवाईयों की खरीद कर ली गई है तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में इनका वितरण किया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिला में फ्यूल वुड (वालन लकड़ी) का वितरण करने का कार्य जल्दी ही सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व उपमण्डल अधिकारियों सहित सीमा सड़क संगठन को निर्देश दिए कि उनके पास सैटेलाइट फोन सक्रिय हालत में रहें, ताकि आपदा के समय आवश्यक संचार व्यवस्था बनी रहे।
इसके अतिरिक्त बैठक में सिस्सु क्षेत्र में बर्फबारी के दौरान वाहनों के फंसने, बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्र के में यातायात व्यवस्था, अग्निशमन वाहनों के लिए जल व्यवस्था, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर के लिए उपकरण खरीदने, विभिन्न कार्यों के संचालन के लिए आवश्यक ईंधन भंडारण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस बैठक में पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, एसडीएम कुनिका एकर्स, डीएफओ इन्द्रजीत सीरा, डीएसपी केडी शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार, बीडीओ मनीष राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमन सिंह ठाकुर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी कुमार गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अजय गुप्ता, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग सूर्यकांत शर्मा, बीआरओ 94 आरसीसी मेजर पारस कोचर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की। साथ ही बैठक में वर्चुअल माध्यम से एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश, एडीसी काजा शिखा सिमटिया सहित बीआरओ के अधिकारियों ने भाग लेकर जानकारी साझा की।
Kullu, Kullu | Nov 3, 2026